भाजपा स्थापना दिवस पर पलवल में ध्वजारोहण, ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं का सम्मान

 




पलवल, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर पलवल स्थित भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को ध्वजारोहण एवं कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ देश सेवा और संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विपिन बैसला ने ध्वजारोहण कर पार्टी के संस्थापक नेताओं को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज जिस ऊंचाई पर पहुंची है, वह लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और निष्ठा का परिणाम है।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया गया और उनके योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि संगठन की असली शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो हर परिस्थिति में पार्टी की विचारधारा को मजबूत करते हैं।

नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। वहीं नायाब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। साथ ही संगठन को मजबूत दिशा देने में मोहन लाल बड़ोली तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की भूमिका को भी सराहा गया।

इस मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरेंद्रपाल राणा जयराम प्रजापति सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग