हरियाणा के मुख्य सचिव ने स्वतंत्रता दिवस पर किया ध्वजारोहण, प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं

 


चंडीगढ़, 15 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर पुलिस के जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और वंदे मातरम् तथा राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

ध्वजारोहण समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। वातावरण राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कहा कि 15 अगस्त का दिन हमारे लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर है। यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष के कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति और जनकल्याण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा ने कृषि, उद्योग, खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और प्रशासनिक सुधारों सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रदेश को विकास के नए आयामों तक ले जाने के लिए सरकार और प्रशासन निरंतर प्रयासरत हैं। रस्तोगी ने कहा कि सुशासन का मूल उद्देश्य आम नागरिक के जीवन को सरल बनाना और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। रस्तोगी ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं और आपसी भाईचारे, सद्भाव तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही एक विकसित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और सशक्त हरियाणा तथा मजबूत भारत के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा