सिरसा: छतरियां हत्याकांड में पांच आरोपी गिरफ्तार
सिरसा, 20 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने जिले के गांव छतरियां में एक युवक की हत्या करने के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि एक हजार रुपये के लेन-देन को लेकर 15-16 आरोपियों द्वारा लाठी-डंडों से पीट-पीट कर अशोक कुमार की हत्या कर दी गई थी।
बड़ागुड़ा थाना प्रभारी ने सोमवार को बताया कि बीती 12 जुलाई को गांव छतरियां निवासी अशोक कुमार की हत्या के संबंध में उसके भाई मुकेश कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन मृतक अशोक कुमार, उसका भाई मुकेश और उनका चाचा खेत से पशुओं के लिए हरा चारा लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। जान बचाने के लिए मुकेश और उसका चाचा वहां से भागने में कामयाब रहे जबकि हमलावरों ने अशोक को पकड़ लिया और लाठियों व लोहे के पाइपों से बेरहमी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान सिविल अस्पताल में अशोक की मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच एक हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि इस विवाद को लेकर ग्राम पंचायत में समझौता भी हुआ था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस में बड़ागुढा थाना पुलिस ने 16/17 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई। बड़ागुढ़ा थाना प्रभारी लाभ सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव छतरियां निवासी साहब राम, संजय, यशपाल, विनय व संदीप के रुप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों को आज अदालत में पेश कर रिंमाड लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर अन्य लोगों के बारे पुछताछ कर वारदात में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के प्रयास किए जाएगें। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma