सिरसा: तीस लाख की हेरोइन बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 20 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए जिले क्षेत्र से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तस्करों के कब्जे से करीब तीस लाख रुपये की हेरोइन बरामद की गई है। एसपी दीपक सहारण ने शुक्रवार को बताया कि रानियां थाना पुलिस गांव संतनगर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर आरोपी बसंत सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 76 ग्राम हेरोइन बरामद की। एसपी ने बताया कि इसके अलावा पुलिस टीम गांव मीरपुर से रमनदीप को 48 ग्राम 260 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। वहीं पुलिस की एक अन्य टीम ने नेजिया नहर पुल क्षेत्र से प्रदीप कुमार को 16 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा।
बड़ागुढ़ा थाना पुलिस ने गांव बीरुवाला गुढ़ा से अर्जुन, कमल को हेरोइन सहित काबू किया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज किए हैं। एसपी दीपक सहारएर ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नशे के कारोबार में शामिल लोगों को पाताल से भी ढूंढ निकाला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma