सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन पकड़ी, पांच तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 06 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए जिला क्षेत्र से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की गई है। तस्करों में एक महिला भी शामिल है।

एसपी दीपक सहारण ने सोमवार को बताया कि सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने नशा तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए बाइक सवार दो आरोपियों वीरेंद्र सिंह व आर्यनं को लाखों रुपये की 82 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। आरोपी बाइक की टूल किट में नशा छिपाकर ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि टीम गश्त और चेकिंग के दौरान सिरसा के फौजी चौक से ऑटो मार्केट सिरसा की ओर जा रही थी।

इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गए। पुलिस ने शक के आधार पर युवकों को काबू कर तलाशी ली तो बाइक की टूल किट से लाखों रुपये की हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने सिरसा निवासी गुलशन कुमार को सात ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है।

डबवाली सीआईए पुलिस टीम ने गांव रिसालियाखेड़ा क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल सवार युवक काे आठ ग्राम हेरोइन पकड़ा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान विक्रम के रूप में हुई। सीआईए कालांवाली पुलिस ने मंडी कालांवाली क्षेत्र से एक महिला तस्कर को दस ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma