सिरसा: पांच नशा तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 17 जून (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र से पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से हेरोइन व चूरापोस्त बरामद किया गया है। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा प्रभारी ने बुधवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिलजीत सिंह, जग्गा सिंह, दर्शन राम , सोनू कुमार व निक्का राम के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम मेला ग्राउंड सिरसा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से आठ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान दिलजीत सिंह के रूप में हुई। इसके अलावा सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने रोड़ी क्षेत्र से जग्गा सिंह को नौ ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।

सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने ऐलनाबाद क्षेत्र से स्कूटी सवार युवक को चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए ऐलनाबाद के प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान टी-प्वाइंट ऐलनाबाद क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से एक स्कूटी आती दिखाई दी। स्कूटी चालक ने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक स्कूटी मोडक़र वापस जाने का प्रयास किया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दर्शन राम के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र से सोनू कुमार व निक्काराम को अवैध शराब सहित काबू किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma