सिरसा: पांच नशा तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 07 मई (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 23 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों की पहचान केवल सिंह, लक्खा सिंह, जसविंदर सिंह, मनप्रीत सिंह व सुखबीर सिंह के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव सुरतिया क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक वापस मुडक़र खिसकने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर युवक को काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई।
इसके अलावा पुलिस ने गांव देसूजोधा क्षेत्र से लक्खा सिंह व सुखबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। देसूजोधा पुलिस चौकी प्रभारी जयबीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव देसूजोधा क्षेत्र में मौजूद थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि देसूजोधा निवासी लक्खा सिंह नशा बेचने का काम करता है और नशा बेचने की फिराक में है। पुलिस ने सूचना पर गांव देसूजोधा क्षेत्र से लक्खा सिंह को हेरोइन सहित काबू कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी लक्खा ने बताया कि उसे सुखबीर ने हेरोइन सप्लाई की थी जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुखबीर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। कालांवाली पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार सवार जसविंद्र को हेरोइन सहित दबोचा है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जसविंद्र सिंह के खिलाफ कालांवाली थाना में हत्या मामले में एक अभियोग पहले भी दर्ज है। कालांवाली पुलिस की एक अन्य टीम ने हेरोइन बरामदगी मामले में वांछित मुख्य सप्लायर मनप्रीत सिंह को कालांवाली क्षेत्र से काबू किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma