हिसार : ओवरलोड वाहनों पर सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई, पांच के चालान, तीन जब्त
विशेष चेकिंग अभियान में 2.15 लाख रुपये का जुर्माना,
दस्तावेजों से लेकर वाहनों के वजन तक की जांच
हिसार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। ओवरलोड और नियमों
का उल्लंघन कर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ सीएम फ्लाइंग ने मंगलवार अलसुबह
विशेष चेकिंग अभियान चलाया। हिसार क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर चलाए गए अभियान
के दौरान टीम ने वाहनों के दस्तावेजों और लदे माल की जांच की। नियमों का उल्लंघन मिलने
पर पांच वाहनों के चालान किए गए, जबकि तीन वाहनों को इम्पाउंड कर दिया गया। चालानों
के रूप में कुल 2 लाख 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
विशेष अभियान का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज
इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के यातायात निरीक्षक
हरविंदर सिंह, एएसआई सुरेंद्र तथा हेड कांस्टेबल जितेंद और विजय भी मौजूद रहे।
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने बताया
कि टीम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ वाहन चालक ओवरलोड वाहन चलाकर सड़क सुरक्षा
को खतरे में डाल रहे हैं। इसके अलावा टैक्स चोरी, वैध बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र
सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन संचालन की भी शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों
को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार सुबह विभिन्न प्रमुख मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान
चलाया गया। अभियान के दौरान वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस,
बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र, टैक्स भुगतान से संबंधित दस्तावेजों की जांच की
गई। इसके साथ ही वाहनों में लदे माल की चौड़ाई और वजन भी जांचा गया। जांच में पांच
वाहनों में ओवरलोडिंग और अन्य परिवहन नियमों का उल्लंघन पाया गया। इनके मौके पर ही
चालान किए गए। जिन वाहन मालिकों ने ऑनलाइन चालान राशि जमा करवा दी, उन्हें नियमानुसार
आगे जाने की अनुमति दे दी गई, जबकि शेष तीन वाहनों को इम्पाउंड कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर