हिसार पुलिस ने घर में घुसकर हमला व तोड़फोड़ करने वाले पांच आरोपियों के मुंडवाए सिर
पटेल नगर में लाठी-डंडों व तेजधार हथियारों से किया था हमला
घर के दरवाजे-खिड़कियां तोड़ीं और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त की
हिसार, 24 सितंबर (हि.स.)। पटेल नगर में घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़
और स्कूटी क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस चौकी पीएलए की टीम ने पांच आरोपियों
को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके भाई के साथ मारपीट करने के बाद
घर के दरवाजे व खिड़कियों में तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात
में प्रयुक्त असलाह भी बरामद किए हैं। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के सिर मुंडवाए
हैं। पुलिस की ओर से देर सायं जारी गिरफ्तारी के फोटो में सिर मुंडवाए आरोपी स्पष्ट
नजर आ रहे हैं।
चौकी प्रभारी पीएलए सहायक उप निरीक्षक अनूप ने गुरुवार को बताया
कि मामले में पटेल नगर निवासी सुनील ने शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार सुनील घर के
बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान पांच-सात युवक लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों के साथ वहां
पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उसका भाई सोनू बाहर आया तो आरोपियों
ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी घर में घुस गए और दरवाजे व खिड़कियों में
तोड़फोड़ करने के साथ गली में खड़ी स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। शिकायत के आधार
पर सिविल लाइन थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य
माध्यमों की मदद से आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ गोल्डन,
मोहित उर्फ रोज, काकू उर्फ मंगल, मोहित उर्फ भैया और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस
के अनुसार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान वारदात
में शामिल अन्य लोगों और प्रयुक्त हथियारों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर