सोनीपत में अवैध हथियार सहित पांच आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे
सोनीपत, 16 जून (हि.स.)। सोनीपत
पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों
में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को देशी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों
के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर मंगलवार को उन्हें न्यायालय में पेश
किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहले
मामले में थाना बरोदा पुलिस ने गांव छिछड़ाना निवासी प्रवेश को गिरफ्तार किया। पुलिस
को सूचना मिली थी कि आरोपी मदीना प्याऊ के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। पुलिस टीम
ने मौके पर पहुंचकर उसे काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद
हुई। लाइसेंस नहीं दिखाने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
दूसरे
मामले में थाना सदर गोहाना पुलिस ने गांव बिधल निवासी सुमित को गिरफ्तार किया। पुलिस
को सूचना मिली थी कि आरोपी लाठ-जौली चौक की ओर आ रहा है। तलाशी लेने पर उसके पास से
एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। आवश्यक दस्तावेज न होने पर शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई
की गई।
तीसरे
मामले में अपराध शाखा कुंडली की टीम ने गांव राजलू गढ़ी निवासी हैप्पी को गिरफ्तार
किया। सूचना के आधार पर आईटीआई राजलू गढ़ी के पास दबिश देकर आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी
में एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। इस संबंध में थाना एचएसआईआईडीसी बड़ी में मामला दर्ज
किया गया।
चौथे
मामले में एसयूएजी यूनिट सेक्टर-सात की टीम ने गढ़ी ब्राह्मण निवासी अरुण को गिरफ्तार
किया। पुलिस को उसके खरखौदा बाईपास क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली थी। तलाशी
के दौरान उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। उसके खिलाफ थाना खरखौदा में मामला
दर्ज किया गया।
पांचवें
मामले में थाना खरखौदा पुलिस ने गांव सेहरी निवासी बबलू को गिरफ्तार किया। पुलिस को
सूचना मिली थी कि वह खांडा रोड पर वाहन का इंतजार कर रहा है। तलाशी लेने पर उसकी जेब
से एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। लाइसेंस न होने पर उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत
मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार सभी मामलों की जांच पूरी कर आरोपियों को न्यायालय
में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना