सोनीपत में चोरी व धोखाधड़ी के तीन मामलों में पांच आरोपी गिरफ्तार

 

सोनीपत, 15 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत पुलिस ने चोरी और धोखाधड़ी के तीन अलग-अलग मामलों में

कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गन्नौर की मीशो एजेंसी से नकदी और सामान

चोरी करने के मामले में एक, राई औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में एल्युमिनियम तार और

इंसुलेटर चोरी करने के मामले में तीन तथा गोहाना में गाड़ी खरीदने के बहाने धोखाधड़ी

कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में एक आरोपी शामिल है। पुलिस ने रविवार को

सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। मीशो एजेंसी चोरी के आरोपी को एक दिन और राई

व गोहाना के मामलों के चार आरोपियों को दो-दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गन्नौर की जयभारत कॉलोनी में मीशो कंपनी

की एजेंसी चलाने वाले गांव खेड़ी गुज्जर निवासी संदीप ने 8 नवंबर को शिकायत दी थी कि

रात के समय अज्ञात व्यक्ति कार्यालय का ताला तोड़कर एक इन्वर्टर, दो बैटरी, एक लैपटॉप

और गल्ले में रखे 44 हजार रुपये चोरी कर ले गया। इसके अलावा कंपनी की अलग-अलग मूल्य

की शिपमेंट भी चोरी हुई, जिनकी कीमत करीब 68 हजार 684 रुपये थी। थाना एचएसआईआईडीसी

बड़ी में दर्ज मामले में सहायक उप निरीक्षक नरेश की टीम ने गांव बड़ी निवासी नीरज को

गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में चोरी,

झपटमारी और चोरी का सामान रखने के पांच अन्य मामले भी दर्ज हैं।

दूसरे मामले में राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित एनके एंटरप्राइज

में एल्युमिनियम तार और इंसुलेटर चोरी करने के आरोप में दिल्ली के होलंबी कलां निवासी

विशाल, जितेंद्र और अरुण को गिरफ्तार किया गया है।

कंपनी के स्टोरकीपर आशीष ने शिकायत

दी थी कि 11 नवंबर को कंपनी से एल्युमिनियम तार चोरी हुए थे। सीसीटीवी फुटेज में दो

युवक तार ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद 14 नवंबर की सुबह करीब 6:15 से 6:30 बजे तीन

युवक दोबारा कंपनी का ताला तोड़कर अंदर घुसे और इंसुलेटर चोरी करने लगे। कंपनी की सुरक्षा

के लिए तैनात लाइव मॉनिटरिंग टीम ने तीनों को चोरी के सामान और मोटरसाइकिल सहित मौके

पर पकड़ लिया। इस दौरान आरोपियों ने सुरक्षा कर्मचारियों के साथ हाथापाई भी की और भागने

का प्रयास किया। उप निरीक्षक तेजपाल की टीम ने तीनों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब चोरी

हुए तार और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

तीसरे मामले में गोहाना की लक्ष्मी ऑटोमोबाइल से हुंडई वरना

गाड़ी लेकर फरार होने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में गांव लहरवाड़ी, मेवात

निवासी मुश्ताक खान को गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता अजीत सांगवान के अनुसार,

23 फरवरी 2022 को दो युवक गाड़ी खरीदने के बहाने आए थे। उन्होंने ट्रायल के लिए गाड़ी

ली और पानीपत चुंगी के पास सेल्समैन को नीचे उतारकर गाड़ी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने

पहले एक आरोपी शाकिर को गिरफ्तार कर गाड़ी बरामद कर ली थी, जबकि मुश्ताक खान गिरफ्तारी

से बच रहा था। अब थाना शहर गोहाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया

है। पुलिस उससे फर्जी दस्तावेज तैयार करने और वारदात में अन्य लोगों की भूमिका के बारे

में पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना