सोनीपत: फैक्ट्री मालिक पर फायरिंग करने वाले दोनों भाई काबू

 


सोनीपत, 18 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत

के बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री मालिक देव बंसल पर फायरिंग करने वाले दो नकाबपोश

बदमाशों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी सगे भाई हैं। शुरुआती

पूछताछ में सामने आया कि काम न मिलने और कहासुनी के बाद दोनों ने रंजिश पाल ली थी।

पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी।

पुलिस

के अनुसार, दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-7 निवासी देव बंसल सोनीपत के बड़ी इंडस्ट्रियल

एरिया में फैक्ट्री चलाते हैं। गुरुवार शाम वे काम खत्म कर कार से घर लौट रहे थे। तभी

बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ता रोक लिया और बिना कुछ बोले फायरिंग कर दी। एक गोली

उनकी जांघ में लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार

हो गए।

पुलिस

प्रवक्ता एएसआई रविंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही एसीपी ऋषिकांत और बड़ी थाना

प्रभारी कुलदीप सिंह ने टीम के साथ मौके पर जांच शुरू की। औद्योगिक क्षेत्र में लगे

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर पुलिस ने

त्वरित कार्रवाई करते हुए हर्ष और जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ

में आरोपियों ने बताया कि वे दिहाड़ी मजदूरी की तलाश में फैक्ट्री पहुंचे थे। किसी

बात पर बहस हो गई और फैक्ट्री में काम देने से मना कर दिया गया। इसी बात की खुन्नस

में दोनों ने हथियार का इंतजाम किया, कई दिन रेकी की और मौका देखकर हमला कर दिया। घायल

देव बंसल का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब

खतरे से बाहर है। पुलिस का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार और मोटरसाइकिल की

बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले

की हर कड़ी को जोड़कर पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना