पटाखों के धुएं से जहरीली हुई कैथल की हवा, एक्यूआई 350 पर पहुंचा
कैथल, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर हुई जमकर आतिशबाजी के बाद कैथल की हवा की गुणवत्ता में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पटाखों से निकले धुएं और प्रदूषक तत्वों के कारण सोमवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) बढ़कर 350 तक पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। रविवार को दिन के समय एक्यूआई 280 दर्ज किया गया था, लेकिन रातभर हुई आतिशबाजी के बाद यह बढ़कर 340 तक पहुंच गया।
सोमवार को भी प्रदूषण का स्तर कम नहीं हुआ और एक्यूआई 350 दर्ज किया गया। दीपावली की रात कुछ ही घंटों में लाखों रुपये के पटाखे जलाए गए, लेकिन इसका खामियाजा अब लोगों को प्रदूषित हवा के रूप में भुगतना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय स्मॉग का प्रभाव अधिक रहने की आशंका है। हवा की गति कम होने के कारण धुएं और प्रदूषक तत्वों का वातावरण से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में मौसम में बदलाव, तेज हवाएं चलने या बारिश होने पर ही प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद है।
पराली जलाने पर आठ किसानों के खिलाफ केस
दीपावली पर आतिशबाजी के कारण जहां शहर की हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई है, वहीं खेतों में धान अवशेष जलाने के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। कृषि विभाग और प्रशासन की ओर से कार्रवाई करते हुए अब तक आठ किसानों के खिलाफ केस दर्ज करवाए जा चुके हैं। पराली जलाने के मामलों में संबंधित किसानों की जमीन की पोर्टल पर रेड एंट्री भी की जा रही है।
पुलिस में दर्ज मामलों के अनुसार गुहला थाना क्षेत्र के लदाना चक्कू निवासी महेंद्र पर पांच नवंबर को खेत में धान अवशेष जलाने का आरोप है। राजौंद थाना क्षेत्र के कसान निवासी नरेन के खिलाफ छह नवंबर को मामला सामने आया। इसी तरह ढांड थाना क्षेत्र के संगरोली निवासी कृष्ण के खिलाफ सात नवंबर और कलायत थाना क्षेत्र के बड़सीकरी निवासी रामनिवास के खिलाफ पांच नवंबर को धान अवशेष जलाने का मामला दर्ज हुआ। दीपावली की रात कलायत और पूंडरी क्षेत्र में भी खेतों में धान अवशेष जलाने की घटनाएं सामने आईं।
दीपावली पर आगजनी की 20 घटनाएं, छह लाख का नुकसान
दीपावली की रात जिलेभर में आगजनी की 20 घटनाएं सामने आईं। दमकल विभाग की टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों से आग लगने की सूचनाएं मिलीं। विभाग की ओर से 24 दमकल गाड़ियां तैनात की गई थीं और कर्मचारी पूरी रात मुस्तैद रहे। इन घटनाओं में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि राहत की बात रही कि किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।
आगजनी की सबसे अधिक 10 शिकायतें कैथल क्षेत्र से मिलीं। इसके अलावा चीका में दो, पूंडरी में तीन, कलायत में तीन तथा राजौंद और सीवन में एक-एक घटना सामने आई। गांव जसवंती और टीक के खेतों में आग लगी, जबकि बुढ़ाखेड़ा और मानस में तूड़ी के कूप जल गए। खुराना रोड पर पराली के स्टॉक और चंदाना गेट पर कबाड़ी की दुकान में भी आग लग गई। सिरटा रोड और ग्योंग में उपलों में आग लगने की घटनाएं हुईं। गांव सजूमा में आतिशबाजी के कारण खुंबी के प्लांट में आग लग गई। इससे तैयार माल और लकड़ी का सामान जल गया। इस घटना में करीब छह लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के सभी मामलों के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि अधिकांश घटनाओं के पीछे पटाखों को संभावित कारण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे