सिरसा: ट्रैक्टर एजेंसी के स्पेयर पार्टस के गोदाम में लगी आग, लाखों का नुकसान
सिरसा, 28 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा के बस अड्डे के नजदीक सोमवार रात एक ट्रैक्टर एजेंसी के स्पेयर पार्टस के गोदाम में आग लग गई। एजेंसी के दाईं तरफ एक निजी अस्पताल है जबकि बाईं तरफ शराब ठेका है। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर अस्पताल के प्रथम तल पर भर्ती मरीजों को दूसरी मंजलि में शिफ्ट किया गया। एक के बाद एक पांच दमकल गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आगजनी में एजेंसी संचालक को करीब 50 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
रात को अचानक एजेंसी से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगी। कर्मचारियों ने ट्रैक्टरों को बाहर निकालना शुरू किया। शराब ठेका कारिंदों ने शराब ठेके को खाली किया। वहीं अस्पताल के प्रथम तल में भर्ती मरीजों को एहतियात के तौर पर दूसरी मंजलि में शिफ्ट किया गया। एजेंसी में रिपेयर का काम भी किया जाता है, जिस कारण मोबिल में आग लगने के कारण अस्पताल परिसर में काला धुआं भर गया। सूचना मिलने पर दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। ट्रैक्टर एजेंसी के मालिक का कहना है कि इस आग से उन्हें करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
गौरतलब है कि दमकल कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर है, जिसके चलते रोडवेज विभाग के चालकों ने दमकल कर्मी बनकर आग बुझाई। हरियाणा रोडवेज सिरसा डिपो के चालक चमन लाल ने बताया कि हरियाणा रोडवेज के चालकों को दमकल विभाग की गाड़ी लेकर आना पड़ा और आग बुझाई। उन्होंने बताया कि चार गाडिय़ां दमकल विभाग की मौके पर पहुंची जबकि एक गाड़ी एयर फोर्स स्टेशन से बुलानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हरियाणा रोडवेज सिरसा डिपो के जीएम कुलदीप जांगड़ा ने बताया कि अभी दमकल विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल चल रही है। इसको लेकर सिरसा उपायुक्त के निर्देश पर रोडवेज चालकों को वहां पर लगाया गया है। देर रात्रि को लगी भीषण आग के दौरान कर्मचारियों ने बेहतरीन काम किया है। उन चालकों को सम्मानित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma