सिरसा के कोल्ड स्टोरेज में आग से करोड़ों का नुकसान
सिरसा, 24 जुलाई (हि.स.)। जिले के नाथूसरी चोपटा कस्बे में शुक्रवार को कोल्ड स्टोरेज में आग लगने से करीब डेढ़ करोड़ का सामान जलकर राख हो गया। दमकल गाडिय़ां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गांव गुडिय़ाखेड़ा में स्थित सिरसा जमींदारा एफपीसीएल कोल्ड स्टोरेज में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग में कोल्ड स्टोरेज का शेड, कैरेट, शीतकरण उपकरण और सौर ऊर्जा सिस्टम जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण अपने स्तर पर टैंकर और अन्य संसाधन लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन आग ने तेजी से जोर पकड़ लिया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोल्ड स्टोरेज के संचालक सतपाल खीचड़ ने बताया कि आग में करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग में कोल्ड स्टोरेज की छत, उपकरण और मशीनरी जलकर राख हो गई। इसके अलावा 45 किलोवाट का सौर ऊर्जा सिस्टम भी पूरी तरह जल गया। स्टोरेज किया गया गेहूं और ग्वार जल गया है। सतपाल खीचड़ ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में कई किसानों का सामान भी रखा था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। किसानों का कहना है कि कोल्ड स्टोरेज में रखा उनका सामान जल गया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मुआवजा देने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma