अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं होंगी मजबूत

 

-करीब तीन करोड़ से 26 नए वाहनों की खरीद को मंजूरी

चंडीगढ़, 07 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं स्थानीय शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित विभागीय हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 26 नए वाहनों की खरीद को मंजूरी प्रदान की गई। इन वाहनों को विभिन्न जिलों में तैनात किया जाएगा, जिससे आगजनी एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को अधिक त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में बताया गया कि खरीदे जाने वाले वाहनों में यूटिलिटी व्हीकल, रिकवरी वैन तथा कमांड एंड कंट्रोल व्हीकल शामिल हैं। इनकी खरीद पर 2 करोड़ 91 लाख 71 हजार रुपये की लागत आएगी तथा इन्हें दो माह के भीतर विभाग को उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा