जींद : रोडवेज फ्लाइंग टीम ने बिना टिकट यात्रियों पर कसा शिकंजा

 


जींद, 17 जून (हि.स.)। रोडवेज फ्लाइंग टीम ने बिना टिकट यात्रियों पर शिकंजा कसा है। पिछले तीन माह की बात की जाए तो रोडवेज फ्लाइंग टीमों द्वारा बसों में बिना टिकट यात्रियों से पांच लाख रुपये जुर्माना वसूला है। मार्च माह में 2794 बसों की जांच कर यात्रियों पर एक लाख 86 हजार रुपये जुर्माना लगाया। अप्रैल माह में 2904 बसों की जांच कर एक लाख 73 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। मई माह में टीम ने 2627 बसों की जांच कर एक लाख 70 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।

रोडवेज डिपो में पांच फ्लाइंग टीम हैं, जो रूट पर रास्ते में बसों की जांच के दौरान बिना टिकट यात्रियों को पकड़ती है। सफर के दौरान कई यात्री जानबूझकर टिकट नहीं लेते और कभी फोन में व्यस्त होने, परिचालक की आवाज नहीं सुनाई देने या नींद में होने का बहाना बनाते हैं। जो यात्री टिकट नहीं लेते उनके बहानों को दरकिनार करते हुए रोडवेज फ्लाइंग उन पर जुर्माना लगाया है।

गौरतलब है कि जींद डिपो में रोडवेज बसों की संख्या 165 है। जिसमें हर रोज लगभग 15 हजार यात्री सफर करते हैं। डिपो को हर रोज लगभग 10 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। यात्रियों की सुविधा के लिए सरकार द्वारा रोडवेज बसों में रियायती पास की सुविधा है। इसके अलावा हैप्पी कार्ड की भी सुविधा है, जिसमें पात्र यात्री एक साल तक एक हजार किलोमीटर तक निशुल्क सफर करते हैं। कई शरारती तत्व रोडवेज बसों में फ्लाइंग टीम की लोकेशन वाट्सअप ग्रुप के माध्यम से शेयर करते थे। हालांकि इस तरह के मामले अब कम हो गए हैं लेकिन कुछ यात्री अभी भी रुपये बचाने के चक्कर में टिकट नहीं लेते। बिना टिकट पाए जाने वाले यात्री पर औसतन 500 रुपये जुर्माना लगाया जाता है। जींद डिपो के महाप्रबंधक राहुल जैन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज लगातार प्रयासरत है। यात्रियों की मांग अनुसार रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा है। बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर रोडवेज फ्लाइंग टीम की विशेष नजर है। यात्रियों को चाहिए कि वे टिकट लेकर ही यात्रा करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा