विरोध करने वालों पर मुकदमा दर्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ: शहीदा खान
नूंह, 23 अगस्त (हि.स.)।नूंह जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शहीदा खान ने गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सैनी को काले झंडे दिखाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरूद्ध मामला दर्ज किए जाने की कड़े शब्दो में निंदा की है। रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में शहीदा खान ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों और फैसलों के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल विरोध करने के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और सरकार के तानाशाहीपूर्ण रवैये को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि सरकार को असहमति की आवाज को दबाने के बजाय उसे सुनना चाहिए। लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब विपक्ष और जनता की आवाज का सम्मान किया जाए। विरोध करने वालों पर मुकदमे दर्ज कर उन्हें डराने-धमकाने से लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत नहीं होती।जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने गुरुग्राम की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से मांग की कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों को तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज को दबाया नहीं जाना चाहिए, बल्कि उसे सुना जाना चाहिए।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया