हांसी में गैस के लिए मारामारी, कालाबाजारी का आरोप लगाकर उपभोक्ताओं ने किया हंगामा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थित, एजेंसी
ने आरोप बताए झूठे
हांसी, 21 मार्च (हि.स.)। शहर में तीन गैस एजेंसियां
होने के बावजूद लोगों में गैस सिलेंडर को लेकर अभरा तफरी का माहौल बना हुआ है। गैस
एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही है, जिनमें काफी संख्या
में महिलाएं भी लाइनों में लगने को मजबूर हैं। सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने एजेंसी कारिंदों
के साथ बहस और एजेंसी कार्यालय के बाहर हंगामे की स्थिति पैदा हो रही है, जिसके चलते
एजेंसी संचालकों को स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बुलानी पड़ रही है।
ऐसा ही वाकया शनिवार सुबह भाई जी ढाबे के सामने
स्थित गैस शहीद चंद्र गैस एजेंसी पर देखने को मिला। यहां सुबह से गैस सिलेंडर लेने
के लिए काफी संख्या भीड़ एकत्रित हो गई, सिलेंडर नहीं मिलने पर स्थिति तनावपूर्ण हो
गई। जिसके बाद एजेंसी संचालकों ने डायल 112 पर कॉल करके मौके पर पुलिस को बुलाया गया।
गैस एजेंसी के बाहर स्थिति बिगड़ती देख डायल
112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने उपभोक्ताओं को शांत करने का प्रयास किया
और उन्हें समझाया कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि गैस की कोई कमी नहीं
है। केवल अफवाहों के चलते पेनिक बुकिंग ज्यादा हो रही है। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मचारी
गैस की कालाबाजारी कर रहे हैं। उनका कहना था कि जहां एक ओर लोग घंटों लाइन में खड़े
होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर एजेंसी के पीछे वाले गेट से कुछ
लोगों को सिलेंडर दिए जा रहे थे। इसी बात को लेकर मौके पर मौजूद लोगों और एजेंसी कर्मचारियों
के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई।
गैस एजेंसी संचालकों ने कालाबाजारी के आरोपों
को निराधार बताते हुए सिरे से खारिज कर दिए। उन्होंने बताया कि हाल ही में बुकिंग खुलने
और उपभोक्ताओं में घबराहट के कारण अचानक भीड़ बढ़ गई है। एजेंसियों के अनुसार, गैस
की आपूर्ति सामान्य है और लगातार होम डिलीवरी भी की जा रही है। और जिन उपभोक्ताओं के
यहां होम डिलीवरी जा रही है वे भी एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंच रहे।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा
है कि गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट
किया कि यदि कहीं भी गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर