हिसार : सोलर लगवाने वालों को डीएचबीवीएन की बड़ी राहत, अब पहले बिजली बिल में भर सकेंगे शुल्क
पीएम सूर्य घर योजना को रफ्तार देने के लिए बदली व्यवस्था
नेट मीटर और ऑटो लोड एन्हांसमेंट शुल्क की अग्रिम अदायगी जरूरी नहीं
हिसार, 11 अगस्त (हि.स.)। घर की छत पर सोलर प्लांट लगवाने की तैयारी कर रहे
उपभोक्ताओं के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बड़ी राहत दी है। प्रधानमंत्री
सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब उपभोक्ताओं को नेट मीटर और ऑटो लोड एन्हांसमेंट
का शुल्क आवेदन करते समय ही जमा करने की बाध्यता नहीं होगी। उपभोक्ता चाहें तो यह शुल्क
सोलर प्लांट चालू होने के बाद आने वाले पहले बिजली बिल में जमा कर सकेंगे।
डीएचबीवीएन के इस फैसले से रूफटॉप सोलर लगवाने की प्रक्रिया पहले के मुकाबले
आसान होने की उम्मीद है। निगम का उद्देश्य योजना के तहत अधिक से अधिक घरों को सौर ऊर्जा
से जोड़ना और शुल्क भुगतान से जुड़ी औपचारिकताओं के कारण होने वाली देरी को कम करना
है।
डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह, आईएएस के मार्गदर्शन में यह व्यवस्था
लागू की गई है। निगम ने अधिकारियों को नई व्यवस्था का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सख्ती
से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नई व्यवस्था के तहत रूफटॉप सोलर के लिए आवेदन करने वाला उपभोक्ता अपनी सुविधा
के अनुसार नेट मीटर और ऑटो लोड एन्हांसमेंट शुल्क आवेदन के समय अग्रिम रूप से जमा कर
सकता है। यदि वह उस समय भुगतान नहीं करना चाहता तो सोलर प्लांट की कमीशनिंग के बाद
जारी होने वाले पहले बिजली बिल में यह शुल्क जमा कराया जा सकेगा। इस बदलाव से उपभोक्ताओं
को सोलर प्लांट लगवाने के दौरान तत्काल अतिरिक्त भुगतान की बाध्यता से राहत मिलेगी।
साथ ही शुल्क भुगतान की औपचारिकता के कारण सोलर प्लांट की स्थापना या कमीशनिंग में
अनावश्यक देरी की संभावना भी कम होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर