नूंह में विकास कार्यों का डीएमसी शशि वसुंधरा ने किया औचक निरीक्षण

 


नूंह, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिला नगर आयुक्त (डीएमसी) शशि वसुंधरा ने मंगलवार को नूंह शहर में नगर परिषद की ओर से कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिला नगर आयुक्त ने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।

विकास कार्यों के निरीक्षण के बाद डीएमसी शशि वसुंधरा ने मुख्यमंत्री परिवार उत्थान मेले का भी जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। मेले के दौरान जिला नगर आयुक्त ने लाभार्थियों से बातचीत कर योजनाओं के क्रियान्वयन और उन्हें मिल रहे लाभों के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री परिवार उत्थान मेले का उद्देश्य पात्र परिवारों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र लाभार्थी जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास होना चाहिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया