फरीदाबाद : निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत
फरीदाबाद, 18 मार्च (हि.स.)। जिले के बल्लभगढ़ की जगदीश कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने अस्पताल के स्टॉफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आदर्श कालोनी बल्लभगढ़ के रहने वाल दीपक ने बुधवार को बताया कि, उन्होंने अपनी पत्नी नेहा (31) को डिलीवरी के जगदीश कालोनी स्थित मिनी खेत्रपाल अस्पताल में मंगलवार को दाखिल कराया था। जहां पर पर शाम को उसकी पत्नी ने ऑपरेशन से एक बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद जब उसकी पत्नी को वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया तो वहां पर उसकी पत्नी की तबीयत रात के समय बिगडऩे लगी। लेकिन अस्पताल में देखरेख के लिए कोई सीनियर डाक्टर मौजूद नही था। वहां मौजूद एक बुजुर्ग नर्स ने दर्द होने पर उसकी पत्नी को तीन-चार इंजेक्शन दिए, जिससे उसकी हालत खराब होने लगी, जब उन्होंने डाक्टर से बात की तो डाक्टर एक घण्टे बाद हॉस्पिटल पहुंचे, तब तक उसकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। दीपक ने बताया कि उसकी शादी त्रिखा कालोनी की रहने वाली नेहा के साथ साल 2023 में हुई थी। शादी के बाद ये उनका पहला बच्चा था। अस्पताल में दाखिल करने से पहले उनको पूरी तरह से भरोसे मे लिया गया था। डॉक्टर ने पहले नार्मल डिलीवरी की बात कही थी लेकिन बाद में आपॅरेशन करने के लिए बोला गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल में पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस जांच अधिकारी सुरेश चंद ने बताया कि अभी उनको परिजनों की तरफ से शिकायत नही दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर