फरीदाबाद : पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप

 


फरीदाबाद, 15 जून (हि.स.)। बल्लभगढ़ स्थित भीकम कॉलोनी में एक 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका काजल अपने घर में पंखे से लटकी हुई मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतका के भाई प्रशांत ने बताया कि काजल की शादी बल्लभगढ़ निवासी के साथ जुलाई 2020 में जितेंद्र नामक युवक के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के करीब 6 महीने बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर काजल को प्रताडि़त करने लगे थे। प्रशांत ने बताया बताया कि पहले शादी के समय किसी प्रकार की मांग नहीं की गई थी, लेकिन बाद में बाइक, स्कूटी, सोने की चेन, बुलेट बाइक और वॉशिंग मशीन जैसी चीजों की मांग की जाने लगी। मांगें पूरी नहीं होने पर काजल के साथ मारपीट की जाती थी। प्रशांत ने आरोप लगाया कि शादी के लगभग एक साल बाद काजल को पहली मंजिल से धक्का देकर नीचे गिरा दिया गया था, जिससे उसका पैर टूट गया था। उस समय भी ससुराल पक्ष ने उसका इलाज कराने से इनकार कर दिया था। बाद में मायके वालों ने उसका इलाज करवाया। उन्होंने यह भी कहा कि काजल को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था तथा उसके मायके वालों का ससुराल में आना-जाना भी बंद करवा दिया गया था। मृतका की बड़ी बहन नीतू ने बताया कि रविवार रात बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल से सूचना मिली कि काजल का शव अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे, जहां काजल का शव रखा हुआ था। उन्होंने बताया कि उस समय काजल का पति जितेंद्र और अन्य ससुराल पक्ष के लोग भी अस्पताल में मौजूद थे। नीतू का कहना है कि काजल की गर्दन पर नीले रंग का निशान था, जिससे उन्हें संदेह है कि उसकी हत्या की गई है। काजल का एक 5 साल का बेटा भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि काजल की मौत के लिए उसके ससुराल वाले जिम्मेदार हैं और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं बल्लभगढ़ सिटी थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि सिविल अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई थी कि भीकम कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय विवाहिता काजल ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों द्वारा हत्या के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मायका पक्ष की ओर से जो भी शिकायत दी जाएगी, उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर