फरीदाबाद : पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 11 जुलाई (हि.स.)। फांसी के फंदे पर लटकाकर पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को थाना आदर्श नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। आरोपित की पहचान संजय निवासी आदर्श नगर के रुप में हुई है, जिसे पुलिस ने साहूपुरा रोड से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित की शादी करीब 15 साल पहले गांव जवां निवासी लक्ष्मी उर्फ़ चांदनी से हुई थी, उनके दो बच्चे हैं। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर आरोपित व उसके परिवारजन पीडि़ता को मानसिक व शारीरिक यातनाएं देते थे और अक्सर पीडि़ता के साथ मारपीट करते थे। आरोपित ने अपने परिवार के साथ मिलकर लक्ष्मी उर्फ़ चांदनी को फांसी पर लटकाकर हत्या कर दी थी। बता दें कि 8 जुलाई को आदर्श नगर में लक्ष्मी उर्फ चाँदनी की हत्या के संबंध में गाँव जवां निवासी उसके पिता विरेन्द्र कुमार की शिकायत पर पति संजय, सास, ससुर, देवर, ननद, नंदोई व अन्य के विरुद्ध थाना आदर्श नगर में हत्या व अन्य संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। अगले दिन सिविल हॉस्पिटल फरीदाबाद में बोर्ड के माध्यम से मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया तथा डेड बॉडी अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले की गई ।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर