फरीदाबाद : पेयजल किल्लत पर लोगों ने लगाया जाम

 


फरीदाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। वार्ड नंबर-8 में सडक़ और पेयजल की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा मंगलवार को सडक़ पर फूट पड़ा। स्थानीय निवासियों ने पर्वतीय चौकी के सामने जाम लगाकर नगर निगम के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर रास्ता खुलवाया। हालांकि, जाम के कारण वाहन चालक कई घंटों तक फंसे रहे। प्रदर्शन कर रहे स्थानीय निवासी राम प्रसाद ने बताया कि पिछले करीब दो महीने से इलाके की सडक़ खोदकर छोड़ दी गई है। सडक़ निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण पानी के टैंकर घरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि नगर निगम की नियमित जलापूर्ति भी समय पर नहीं हो रही है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो निगम अधिकारी समस्या पर ध्यान दे रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधि। स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। हल्की बारिश होते ही सडक़ों और गलियों में जलभराव हो जाता है, जिससे आवाजाही मुश्किल हो जाती है। जलभराव के कारण बीमारियां फैलने का खतरा भी बना रहता है। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर सीवर के मैनहोल खुले पड़े हैं, जिससे खासकर रात के समय दुर्घटना का डर बना रहता है। उनका आरोप है कि सडक़ें खोदकर छोड़ देने के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी परेशान हैं। वहीं, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) सतपाल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्य कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ था। अब कार्य दोबारा तेजी से शुरू कर दिया गया है और जल्द ही सडक़ निर्माण पूरा कर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर