फरीदाबाद : पानी का बिल भरने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 29 अगस्त (हि.स.)। पानी का बिल भरने के नाम पर मोबाइल फोन पर एपीके फाइल भेजकर एक स्कूल के बैंक खाते से लाखों रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान अंकित कुमार निवासी गांव हतापुर खेरी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी ने एक सीएससी सेंटर का वॉलेट खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था, जिसमें ठगी की रकम में से दो लाख रुपये आए थे। आरोपित को शनिवार अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता अनुसार साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायतकर्ता द्वारा बताया गया कि दिसंबर 2025 में उनके स्कूल के बैंक खाते से साइबर ठगी कर 15 लाख 34 हजार 699 रुपये निकाल लिए गए थे। स्कूल के बैंक खाते में अकाउंटेंट रघुवीर का मोबाइल नंबर पंजीकृत था। 9 दिसंबर 2025 को अकाउंटेंट ने स्कूल प्रबंधन को बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर लगातार बैंक लेन-देन से संबंधित ओटीपी प्राप्त हो रहे हैं और साथ ही खाते से पैसे कटने के संदेश भी आ रहे हैं। जांच करने पर पता चला कि स्कूल के बैंक खाते से लगातार ट्रांजेक्शन कर कुल 15 लाख 34 हजार 699 रुपये की राशि निकाल ली गई थी। साइबर ठगों ने पानी का बिल भरने के नाम पर एपीके फाइल भेजकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। जिसकी शिकायत पर साइबर थाना बल्लबगढ़ में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई । प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित ने राम शंकर के सीएससी, सेंटर के वॉलेट खाते को आगे ठगों को उपलब्ध कराया था जिसमें ठगी की गई रकम में से दो लाख रुपये प्राप्त हुए थे। आरोपी अंकित कुमार वर्तमान में बी.टेक की पढ़ाई कर रहा है। राम शंकर और आरोपित अंकित पड़ोसी गांव के रहने वाले हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर