फरीदाबाद : कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
अब घर बैठे दे सकेंगे शिकायत-सुझाव; बोले-दफ्तरों के नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर
फरीदाबाद, 23 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए जनसंवाद हेल्पलाइन शुरू की है। अब क्षेत्र के लोग घर बैठे अपनी शिकायत, समस्या और सुझाव मंत्री तक पहुंचा सकेंगे। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 7780077100 जारी किया गया है। इसमें शिकायत के साथ वार्ड नंबर भी दर्ज करना होगा। इसके बाद टीम के सदस्य अधिकारियों से संपर्क कर उसका समाधान कराएंगे। रविवार को फरीदाबाद के सेक्टर-16 स्थित अपने कार्यालय में हेल्पलाइन के शुभारंभ के दौरान मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इसका उद्देश्य लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। मंत्री ने बताया कि हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों के साथ समन्वय कर समस्याओं के जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।जनसंवाद हेल्पलाइन के जरिए लोग केवल शिकायत ही नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र के विकास से जुड़े सुझाव भी दे सकेंगे। इससे जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है। विपुल गोयल ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे जनसंवाद हेल्पलाइन का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान कराना और क्षेत्र के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर