फरीदाबाद : देश-दुनिया में पर्यटन के रुप में विख्यात होगा छत्तीसगढ़ : विजय बघेल

 


भाजपा सांसद ने एथेनॉल मुद्दे पर विपक्ष को घेरा, बोले- भाजपा राज में नक्सलवाद खत्म

फरीदाबाद, 10 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग से भाजपा सांसद विजय बघेल ने कहा है कि एक समय छत्तीसगढ़ की पहचान नक्सलवाद से होती थी, लेकिन भाजपा में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है। अब छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के लिए नहीं, बल्कि विकास और पर्यटन के लिए जाना जाएगा। श्री बघेल रविवार की देर शाम फरीदाबाद के पृथला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा प्रत्याशी पं. टेकचंद शर्मा के सीकरी स्थित कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद पत्रकारों से रुबरु हो रहे थे। एथेनॉल को लेकर चल रही राजनीतिक बहस पर भी विजय बघेल ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि एथेनॉल आम लोगों के लिए कोई समस्या नहीं है, लेकिन विपक्ष को यह बात हजम नहीं हो रही है। इसी वजह से विपक्ष एथेनॉल के मुद्दे को बेवजन दे रहा है। सांसद विजय बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिस छत्तीसगढ़ को लोग पहले नक्सलवाद के नाम से जानते थे, वह अब बदल चुका है। प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और आने वाले समय में देश-दुनिया के लोग छत्तीसगढ़ को एक खूबसूरत पर्यटन स्थल के तौर पर जानेंगे। हालांकि विजय बघेल ने माना कि प्रदेश में बेरोजगारी और पलायन जैसी चुनौतियां अभी भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इन समस्याओं पर काम कर रही है और आने वाले समय में इन्हें जड़ से खत्म करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विजय बघेल ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय सिर्फ शोर मचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल शोर मचाने से किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर