फरीदाबाद : ट्रक के नीचे आने से ड्राइवर की मौत
फरीदाबाद, 11 सितंबर (हि.स.)। चंदावली नहर पुल पर ट्रक चढ़ाते समय हुए हादसे में ड्राइवर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात्रि चंदावली नहर पुल पर ट्रक को चढ़ाते समय वह अचानक बंद हो गया और पीछे की तरफ जाने लगा। ट्रक को रोकने के लिए ड्र्राइवर नीचे उतरा और पहिये के पास लकड़ी का सहारा लगाने लगा। इसी दौरान वह ट्रक की चपेट में आ गया। पहिया उसके ऊपर से गुजरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान सुनपेड़ गांव निवासी 43 वर्षीय इंद्रजीत कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, इंद्रजीत कुमार ट्रक ड्राइवर था। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। वहां इंद्रजीत मृत अवस्था में मिला। हादसे के बाद ट्रॉला उसकी बॉडी से कुछ दूरी पर खड़ा था। मृतक के बड़े भाई रोहताश ने बताया कि पुलिस ने उन्हें फोन कर हादसे की जानकारी दी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि इंद्रजीत ट्रॉला लेकर नहर पुल पर चढ़ रहा था। इसी दौरान ट्रक अचानक बंद हो गया और पीछे की ओर खिसकने लगा। ट्रक को रोकने के लिए इंद्रजीत तुरंत नीचे उतरा और पहिये को रोकने के लिए लकड़ी लगाने लगा। इसी दौरान ट्रक पीछे होने के कारण वह चपेट में आ गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मृतक के बड़े भाई की शिकायत मिल गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक बंद होने के बाद पीछे जाने लगा था। ड्र्राइवर उसे रोकने के प्रयास में नीचे उतरा और इसी दौरान टायर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर