हिमाचल सैन्य छावनी में अभ्यास के दौरान फरीदाबाद के पैरा जवान की मौत

 


फरीदाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव सहूपुरा के रहने वाले 26 साल के भारतीय सेना के जवान मोहित की ट्रेनिंग के दौरान मौत हो गई। रोजाना के प्रशिक्षण गतिविधि के दौरान चोट लगने के बाद उनको इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। मोहित भारतीय सेना की 29 पैरा इकाई से जुड़े हुए थे और हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा स्थित बकलोह सैन्य छावनी के स्पेशल फोर्सेस ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षण ले रहे थे। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-65, सहूपुरा गांव निवासी मोहित भारतीय सेना की 29 पैरा इकाई के जवान थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ त्रिखा कॉलोनी में रह रहे थे। मोहित 5 अप्रैल को प्रशिक्षण के लिए बकलोह पहुंचे थे और नियमित अभ्यास में हिस्सा ले रहे थे। शनिवार को सुबह मोहित नियमित प्रशिक्षण गतिविधियों में शामिल थे। इसी दौरान बॉक्सिंग अभ्यास करते समय उन्हें गंभीर चोट लग गई। अभ्यास के दौरान घायल होने पर साथी जवानों और अधिकारियों ने तुरंत उन्हें बकलोह स्थित सैन्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। मोहित हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा स्थित बकलोह सैन्य छावनी के स्पेशल फोर्सेस ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षण ले रहे थे। 5 अप्रैल को वह यहां पर प्रशिक्षण लेने के पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मोहित के बाएं कान के पास चोट के निशान मिले हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि प्रशिक्षण के दौरान गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई है। जानकारी के अनुसार, मोहित भारतीय सेना में 8 साल पहले भर्ती हुआ था। उसकी पोस्टिंग आगर में थी। 40 दिन पहले ही वह हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्थित बकलोह सैन्य छावनी के स्पेशल फोर्सेस ट्रेनिंग स्कूल में ट्रेनिंग के लिए गया था। मोहित की शादी इसी साल फरवरी में हुई थी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मोहित का बड़ा भाई सरकारी अफसर है और बीच वाला भाई प्राइवेट जॉब करता था। फिलहाल मामले को प्रशिक्षण के दौरान हुई दुर्घटना के रूप में देखा जा रहा है और जांच जारी है। इस घटना के बाद सेना के अधिकारियों और साथी जवानों में शोक का माहौल है। वहीं जवान के परिवार में मातम छाया हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर