फरीदाबाद : फ्लिपकार्ट पर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की ठगी, चार गिरफ्तार
फरीदाबाद, 29 सितंबर (हि.स.)। फ्लिपकार्ट पर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के एक मामले में कार्रवाई करते हुये साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान उत्तरप्रदेश के ललितपुर निवासी गौरव श्रीवास्तव(23), सौरभ कुशवाह(21), मोहित(24) व रवि(23) के रुप में हुई है। इनमें तीन खाताधारक है तथा एक खाता उपलब्ध कराने वाला है। आरोपितों को मंगलवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-91 निवासी एक महिला ने साइबर थाना सेंट्रल में दी अपनी शिकायत में बताया कि एक अंजान नंबर द्वारा उसे एक व्हॉट्सएप ग्रुप में जोडा गया। व्हॉट्सएप पर उसे एक लिंक दिया गया जिस पर क्लिक करते ही फ्लिप कार्ट नाम की वेबसाइट ओपन होती थी। जहां पर प्रोडक्ट बाय करने उपरांत, बाय बैक ऑपशन पर क्लिक करने पर फ्लिप कार्ट अकाउंट में पैसे जमा होते थे। इस तरह शिकायतकर्ता द्वारा अगस्त 2026 में दो लाख 30 हजार रूपये की ट्रेडिंग की। जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो खाता फ्रीज हो गया। जिसको अनफ्रीज करने के लिए कथित ठगों द्वारा एक लाख 14 हजार 520 रुपये की मांग और की गई जो शिकायतकर्ता ने ठगों द्वारा खाता में भेज दिए। जिसके बाद फसे कोई पैसा वापस नही मिला। जिस संबंध में थाना साइबर सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित रवि,सौरभ व मोहित खाताधारक है, रवि के खाता में ठगी के 70 हजार, सौरभ के खाता में 50 हजार व मोहित के खाता में 60 हजार रुपये आये थे। गौरव ने मोहित का खाता आगे ठगो को उपलब्ध करवाया था। मोहित व गौरव 12वीं, सौरभ व रवि 8वीं पास है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर