फरीदाबाद : फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 01 अप्रैल (हि.स.)। फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर एक डॉक्टर से लगभग 4.43 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में साइबन थाना एनआईटी पुलिस ने खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि 24 अक्टूबर 2025 को सेक्टर-9, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी एक डेटिंग वेबसाइट पर एक युवती से बातचीत हुई, जिसके बाद व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से भी संपर्क बना रहा। युवती ने बताया कि वह और उसका भाई फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाते हैं। इसके बाद ठगों द्वारा उसका निवेश हेतु एक वेबसाइट पर उसका अकाउंट बनवाया गया। अप्रैल से जून 2025 के बीच उसने विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल चार करोड़ 43 लाख 68 हजार 974 रुपये निवेश कर दिये । जब उसने अपनी राशि निकालने का प्रयास किया तो वह पैसे नहीं निकाल सका। इस पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए खाताधारक प्रशांत सिंह निवासी गुरुग्राम को गिरफ्तार किया है। आरोपित से पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने साथी अतुल कुमार के साथ मिलकर एक फर्म के नाम से ज्वांइट अकाउंट खुलवा रखा था, जिन्होंने यह बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवा रखा था। प्रंशात गुडगांव में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इनके खाते में ठगी की राशि के 7.5 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। मामले में आरोपी अतुल को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर