फरीदाबाद : टीबी मुक्त पंचायतों को मिला गोल्ड, सिल्वर व ब्रॉन्ज सम्मान

 


फरीदाबाद, 24 मार्च (हि.स.)। टीबी मुक्त पंचायत अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जिले की कई ग्राम पंचायतों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान द्वारा सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस उपलब्धि के अंतर्गत गोल्ड ट्रॉफी और सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाली पंचायतों में खेड़ा, जुनहेड़ा एवं भटपुरा ग्राम पंचायत शामिल हैं, जिन्होंने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में उल्लेखनीय कार्य करते हुए सभी मानकों को पूर्ण किया। इसी प्रकार सिल्वर ट्रॉफी और सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाली पंचायतों में शाहपुर खुर्द, लेहंडोला, निरहावली, मंझावली, सादपुरा, अलीपुर, ताजपुर, भासकोला, फत्तुपुरा, डूंगरपुर, काबुलपुर मंगर, लढियापुर, जाकोपुर, नेकपुर, सिलाखेड़ी तथा ताजूपुर ग्राम पंचायतों का नाम शामिल है। इसके अतिरिक्त ब्रॉन्ज ट्रॉफी और सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाली पंचायतों में अहमदपुर, बापू नगर, फज्जुपुर खादर, इम्मामुदीनपुर, मोथुका, पहलादपुर मजरा बदरोला, रायपुर कला, चांदपुर, जावन, बहादुरपुर, बदरपुर सैद, साहुपुर कलां, नरयाला, अलीपुर तिलोरी, सिडोला न्यू, कामरा खुर्द, खेरी गुर्जन, कोट, मदालपुर, टीकरी खेड़ा, नयागांव, फिरोजपुर कलां, बिजोपुर, पन्हेरा कलां, दुल्हेपुर तथा फफूंदा ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए एडीसी सतबीर मान ने कहा कि टीबी मुक्त अभियान के द्वारा प्रदेश सहित देश को भी टीबी मुक्त बनाना है और यह तभी संभव होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग इस अभियान में जुडक़र अपना सहयोग करे। यह बात अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने मंगलवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में आयोजित टीबी मुक्त पंचायत कार्यक्रम में कही। एडीसी सतबीर मान ने टीबी मुक्त पंचायत अभियान के तहत ग्राम पंचायतों के सरपंचों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया है। उन्होंने विशेष रूप से टीबी रोगियों को प्रोटीन किट और पोषण संबंधी सहायता प्रदान करने पर जोर दिया है, ताकि मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार हो सके और समाज को इस बीमारी से मुक्त किया जा सके। सभी सरपंचों से अपील की गई कि वे अपने गांव में नियमित बैठकें आयोजित करें, टीबी के लक्षणों के बारे में लोगों को जागरूक करें और मरीजों को पूरा इलाज कराने के लिए प्रेरित करें, ताकि समाज को इस बीमारी से पूर्ण रूप से मुक्त किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर