फरीदाबाद : बीके अस्पताल में सर्जन ने लगाई झाडू, वीडियो वायरल

 


फरीदाबाद, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल बादशाह खान (बीके) अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इसका एक ताजा मामला सामने आया है। अस्पताल के हड्डी रोग विभाग के वरिष्ठ सर्जन डॉ. सतीश वर्मा को ऑपरेशन थिएटर में स्वयं झाड़ू लगानी पड़ी। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बीके अस्पताल में पिछले लगभग पांच सालों से तैनात हड्डी रोग विभाग के वरिष्ठ सर्जन डॉ. सतीश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि, 30 जुलाई को वह ऑपरेशन थिएटर में मरीज ऑपरेट कर रहे है। उस दिन उनकी चार सर्जरी होनी थी। उन्होंने देखा कि ओटी में काफी गंदगी एकत्रित हो गई है। ऐसे में जब उन्होंने उसकी सफाई करने के लिए कहा तो वहां पर कोई सफाई कर्मी मौजूद नहीं थी। डॉक्टर ने बताया कि उन्होंने करीब 30 मिनट तक इंतजार किया, लेकिन कोई नहीं आया तो उन्होंने खुद ही वहां रखे वाइपर और झाड़ू से गंदगी और वेस्ट को बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि अस्पताल में करीब 70 कर्मचारी काम करते हैं। उन्हें बताया गया कि ओटी का कर्मचारी उस दिन छुट्टी पर था। लेकिन दूसरे कर्मचारी की तैनाती करना नर्सिंग स्टाफ की जिम्मेदारी बनती है। डॉक्टर सतीश वर्मा ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद विभाग के उच्च अधिकारियों तक मामला पहुंच गया। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग पंचकूला ने भी इस मामले में रिपोर्ट तलब की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर