फरीदाबाद : दिवाली मेले में फूलों और सजावटी पौधों की नर्सरी बनी आकर्षण का केंद्र
फरीदाबाद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजकुंड परिसर में आयोजित तृतीय दिवाली मेला-2026 में इस बार विभिन्न प्रजातियों के सुंदर एवं आकर्षक पौधों की नर्सरी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। मेले में खुशबू नर्सरी द्वारा घर, आंगन, बालकनी और कार्यालयों की सुंदरता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार के सजावटी पौधे उपलब्ध कराए गए हैं। नर्सरी में किफायती दामों पर गुलाब के अनेक प्रकार के पौधों के साथ-साथ मनी प्लांट और विभिन्न प्रजातियों के फूलों एवं सजावटी पौधों की विस्तृत श्रृंखला मौजूद है। पर्यटक अपनी पसंद और आवश्यकता के अनुसार पौधों की खरीदारी कर रहे हैं। दिवाली के अवसर पर अपने घरों और कार्यस्थलों को हरियाली तथा प्राकृतिक सुंदरता से सजाने के इच्छुक लोगों के लिए यह नर्सरी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दिवाली के त्योहार पर सजावटी पौधे न केवल घरों की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी देते हैं। ऐसे में सूरजकुंड दिवाली मेले में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के पौधे प्रकृति प्रेमियों और बागवानी के शौकीनों के लिए खरीदारी का बेहतरीन विकल्प बने हुए हैं।
वहीं मेले में बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षक खिलौनों की विविध श्रृंखला उपलब्ध है। मेले में अलग-अलग आकार और डिजाइन के टेडी बियर तथा घोड़ा, हाथी, कछुआ, जिराफ और खरगोश जैसे जानवरों की आकृतियों वाले फाइबर से निर्मित खिलौने पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। मेले में लगे खिलौनों के स्टॉल पर रंग-बिरंगे टेडी बियर और विभिन्न जानवरों की आकर्षक आकृतियां बच्चों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। इन खिलौनों की विविधता और मनमोहक डिजाइन पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहे हैं। सूरजकुंड दिवाली मेले में विभिन्न स्टॉल संचालकों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध कराया गया है। इससे स्थानीय एवं अन्य क्षेत्रों से आए व्यापारियों और कारीगरों को अपने उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। मेले में खिलौनों के साथ-साथ हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुओं और अन्य आकर्षक उत्पादों की उपलब्धता खरीदारी के अनुभव को और भी खास बना रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर