फरीदाबाद : आत्महत्या करने वाली छात्रा को कहां से मिली बिरयानी,पुलिस ने सीसीटीवी खंगाला

 

फरीदाबाद, 04 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के गाजीपुर रोड स्थित निजी स्कूल में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा द्वारा तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने स्कूल की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस ने स्कूल पहुंचकर करीब दो घंटे तक प्रधानाचार्य और अन्य स्टाफ से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, स्कूल से कब्जे में ली गई सीसीटीवी फुटेज में छात्रा घटना से पहले तीन से चार बार प्रधानाचार्य के कार्यालय में आती-जाती दिखाई दे रही है। इसके अलावा वह करीब पांच मिनट तक कक्षा के बाहर खड़ी नजर आ रही है। कुछ देर बाद छात्रा कक्षा के बाहर रखी कुर्सी पर बैठी हुई भी दिखाई देती है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर छात्रा की गतिविधियों और स्कूल स्टाफ के साथ हुई बातचीत की कडिय़ों को जोडऩे का प्रयास कर रही है। मामले में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि छात्रा के पास स्कूल में वेज बिरयानी कहां से आई थी। छात्रा के पिता का कहना है कि उनकी बेटी घर से बिरयानी लेकर स्कूल नहीं गई थी। वहीं स्कूल प्रबंधन की ओर से भी बताया गया है कि स्कूल में बिरयानी नहीं मिलती। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा बिरयानी कहां से लेकर आई थी और कक्षा में उसे खाने को लेकर उसके साथ क्या हुआ था। छात्रा के पिता ने डबुआ थाना पुलिस को दी शिकायत में स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी प्रधानाचार्य और महिला हेडमास्टर के कथित टार्चर से परेशान थी। उन्होंने कहा कि कक्षा में बिरयानी खाने के कारण छात्रा को बाहर खड़ा कर दिया गया था। उनका आरोप है कि इस घटना के बाद छात्रा मानसिक दबाव में आ गई और इसी वजह से उसने स्कूल की छत से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। पिता की शिकायत के आधार पर डबुआ थाना पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। स्कूल के प्रधानाचार्य और अन्य स्टाफ से पूछताछ के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। पुलिस यह भी देख रही है कि छात्रा छत तक किस रास्ते से पहुंची और उस दौरान उसे किसी ने रोकने का प्रयास किया या नहीं। छात्रा के पिता के अनुसार छत पर जाने वाली सीढिय़ों पर कोई गेट नहीं लगा हुआ है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, स्कूल स्टाफ से पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर