फरीदाबाद : हड़ताल खत्म, 36 दिन बाद काम पर लौटे सफाई कर्मचारी

 


शहर को साफ-सुथरा बनाने में जुटे कर्मचारी, गली-मोहल्लों से उठाया कचरा

फरीदाबाद, 12 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में 36 दिन से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार सरकार के साथ मांगों पर सहमति बनने के बाद खत्म हो गई। हड़ताल समाप्त होते ही शनिवार सुबह नगर निगम के सफाई कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में काम पर लौट आए। लंबे समय से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण शहर के कई हिस्सों में जमा कूड़े को हटाने के लिए कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर सफाई अभियान शुरू किया। काम पर लौटे कर्मचारियों ने सबसे पहले बाजारों, मुख्य सडक़ों और कॉलोनियों की गलियों में सफाई शुरू की। कई स्थानों पर घरों और दुकानों के बाहर जमा कूड़े के ढेर उठाए गए। इसके अलावा नालियों में जमा गंदगी और कचरे को भी हटाया गया। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि प्राथमिकता उन इलाकों को दी जा रही है, जहां लंबे समय से कूड़ा जमा है। कर्मचारियों ने सबसे पहले बाजारों, मुख्य सडक़ों और कॉलोनियों की गलियों में सफाई शुरू की। नगर निगम सफाई कर्मचारी नेता बलबीर बालगुहेर ने बताया कि सरकार के साथ हुई वार्ता में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी है। बैठक में कर्मचारियों की ओर से राज्य प्रधान नरेश शास्त्री मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से सफाई कर्मचारियों की 16 मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की गई। बलबीर बालगुहेर ने कहा कि 36 दिनों तक सफाई कर्मचारियों के काम पर नहीं आने से शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। कई बाजारों, गलियों और रिहायशी क्षेत्रों में कूड़े के ढेर लग गए थे। अब कर्मचारी इन स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर साफ कर रहे हैं। उनका कहना है कि सफाई व्यवस्था सामान्य होने में कुछ समय लगेगा, लेकिन कर्मचारी पूरी ताकत से अभियान में जुट गए हैं। अब सफाई शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से पहले शहर को साफ-सुथरा बनाने का लक्ष्य रखते हुए अभियान को तेज करने की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर