फरीदाबाद : बेटे ने पिता पर चाकू से किया हमला, हालत गंभीर

 

फरीदाबाद, 19 अगस्त (हि.स.)। ओल्ड फरीदाबाद की भीम बस्ती में मामूली कहासुनी के दौरान एक 22 वर्षीय बेटे ने अपने ही पिता पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। हमले में पिता की कमर और छाती पर गंभीर चोटें आई हैं। हालत बिगडऩे पर उन्हें बीके अस्पताल से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। घायल 46 वर्षीय बालकिशन ने पुलिस को बताया कि 16 अगस्त की शाम वह अपनी पत्नी पूनम और दोनों बेटों विकास व योगेश के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान वह और उनकी पत्नी बड़े बेटे विकास को नौकरी करने के लिए समझा रहे थे। बालकिशन के मुताबिक, नौकरी की बात सुनकर विकास नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। पिता ने उसे ऐसा करने से रोका, तो वह घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लाया। आरोप है कि विकास ने चाकू से पिता की कमर और छाती पर कई वार कर दिए। हमले के बाद बालकिशन ने शोर मचाया, तो विकास उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए घर से भाग गया। इसके बाद पत्नी पूनम ने घायल बालकिशन को उपचार के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया। बीके अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने बालकिशन की हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल जांच में उनके शरीर पर धारदार हथियार से लगी तीन चोटों का उल्लेख किया गया है। पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों ने बालकिशन को बयान देने के लिए फिट घोषित किया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उनका बयान दर्ज किया। बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु मित्र ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर