फरीदाबाद की बेटी सिया सोरौत ने ताइक्वांडो टूर्नामैँट में जीता गोल्ड मेडल

 


फरीदाबाद, 26 नवंबर (हि.स.)। शहर की होनहार बेटी सिया सोरौत ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर फरीदाबाद और हरियाणा का नाम रोशन किया है। सिया ने 24 नवंबर 2026 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित ओपन नेशनल ताइक्वांडो टूर्नामेंट के सब-जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। राहुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छठी कक्षा की छात्रा सिया ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का परिचय देते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के सदस्यों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन में खुशी का माहौल है। सिया की सफलता को शहर के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सिया की इस कामयाबी ने एक बार फिर साबित किया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिलें तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। सिया की उपलब्धि अन्य बच्चों, विशेषकर बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी सफलता पर परिजनों और शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर