फरीदाबाद : शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, घरेलू सामान जला

 


फरीदाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। प्रहलादपुर गांव में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण एक घर में आग लग गई। आग लगने के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। घर से धुआं निकलता देखकर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना मकान मालिक, पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मकान मालिक शौकीन अली ने बताया कि वह सुबह काम पर चले गए थे। उनकी पत्नी भी काम पर गई थीं, जबकि बच्चे स्कूल गए हुए थे। करीब 10 बजे उन्हें फोन के जरिए घर में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वह अपनी कंपनी से बाइक लेकर तुरंत घर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर के अंदर आग लगी हुई थी और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच चुकी थी। शौकीन अली के अनुसार, घर के बिजली मीटर के आसपास शॉर्ट सर्किट हुआ था। इसी के बाद आग लगने की आशंका है। आग तेजी से पूरे घर में फैल गई और घर में रखा अधिकांश सामान जल गया। आग में फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, टीवी, कपड़े, बेड और अलमारी समेत अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खराब हो गया। उन्होंने बताया कि आग की तेज गर्मी के कारण घर की ऊपरी छत में भी दरारें आ गई हैं, जिसे अब दोबारा ठीक करवाना पड़ेगा। मकान मालिक ने बताया कि आग से करीब चार से पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे कुछ सामान बचाया जा सका। हालांकि ऊपर वाले कमरे में रखा लगभग पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप मोर ने बताया कि सुबह पुलिस को प्रहलादपुर गांव में एक मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर