फरीदाबाद : सेक्सटॉर्शन रैकेट का भंडाफोड, मुख्य आरोपी सहित पांच गिरफ्तार
इंस्टाग्राम व टिंडर ऐप पर लडक़ी के नाम की फेक प्रोफाईल बनाकर करते थे चैट
फरीदाबाद, 09 मई (हि.स.)। इंस्टाग्राम व टिंडर ऐप पर लडक़ी के नाम की फेक प्रोफाइल बनाकर लोगों से अश्लील चैट करके बाद में पुलिस अधिकारी बनकर उनसे वसूली करने वाले सेक्सटॉर्शन रैकेट का साइबर थाना सैंट्रल पुलिस ने भंड़ाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी भगवान सिंह(27), देवा गुर्जर (21), बिजेंद्र(25), धीरज(20) व मनीष(20) के रुप में हुई है। आरोपियों को पुलिस ने लोटस व्हाईट सोसायटी जगतपुरा जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार ओल्ड फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत देते हुए बताया कि 20 जनवरी को शिकायतकर्ता के पास एक कॉल आई, जिसने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और फ्रॉड ट्रांजेक्शन के मामले में एफआईआर दर्ज होने और सेक्स चैट करने का भय दिखाकर मामले से बचने के नाम पर उससे पैसों की मांग की गई, जिस पर ठगों द्वारा बताए गये बैंक खाते में शिकायतकर्ता ने 45 हजार 308 रुपये ट्रांसफर कर दिये थे। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि भगवान सिंह इस गिरोह का सरगना है। गिरोह के सदस्य इंस्टाग्राम व टिंडर ऐप पर लडक़ी की फोटो लगाकर फेक प्रोफाइल बनाते थे और जब भी कोई उनकी प्रोफाइल पर बात करता तो पहले उसे लुभाते फिर उससे सेक्स चैट करते तथा जब कॉल पर बात करनी होती तो भगवान सिंह लडक़ी की आवाज में बात करता था। देवा गुर्जर, बिजेंद्र व धीरज सेक्स चैट करते थे। मनीष गिरोह के लिये खाता उपलब्ध कराता था। इस घटनाक्रम में भी आरोपितों ने शिकायतकर्ता के साथ ऐसा ही किया और फिर पुलिस अधिकारी बनकर फोन कर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों को शनिवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर