फरीदाबाद : ऑनलाइन सीमेंट बेचने का झांसा देकर हजारों ठगे

 


दिल्ली जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए 7 आरोपी

फरीदाबाद, 21 नवंबर (हि.स.)। ऑनलाइन सीमेंट बेचने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 93 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली में कॉल सेंटर चलाकर लोगों को ऑनलाइन सीमेंट विक्रेता बनकर अपने जाल में फंसाते थे। सभी आरोपी साइबर फ्रॉड के एक अन्य मामले में दिल्ली की जेल में बंद थे, जिन्हें फरीदाबाद पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई और पूछताछ की।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि पाली निवासी एक व्यक्ति को 300 कट्टे सीमेंट की आवश्यकता थी। 23 अगस्त को उसके पड़ोसी ने गूगल पर सीमेंट विक्रेता का मोबाइल नंबर तलाश कर उसे दिया। पीड़ित ने उस नंबर पर संपर्क किया तो सामने वाले व्यक्ति ने सीमेंट की सप्लाई करने का भरोसा दिलाया और ऑनलाइन भुगतान के लिए स्कैनर भेज दिया। सीमेंट मिलने की उम्मीद में पीड़ित ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 93 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने न तो सीमेंट की सप्लाई की और न ही फोन का जवाब दिया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई।मामले की जांच करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने सात आरोपियों मोनू कुमार निवासी शेखपुरा, सुगम कुमार निवासी नवादा, मनीष कुमार निवासी नालंदा, मिथुन कुमार निवासी शेखपुरा, रितिक कुमार निवासी नालंदा, हिमांशु निवासी शेखपुरा और रोहन कुमार निवासी नालंदा, बिहार को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि एमएमसुगम, रोहन, मनीष और रितिक मिलकर दिल्ली में कॉल सेंटर चलाते थे, जबकि मोनू, मिथुन और हिमांशु वहां कॉलर के रूप में काम करते थे। ये लोग ऑनलाइन सीमेंट विक्रेता बनकर ग्राहकों से संपर्क करते और सीमेंट की सप्लाई का झांसा देकर ऑनलाइन भुगतान करवाते थे। इसके बाद ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में मंगवाई जाती थी। रकम मिलने पर कॉल सेंटर संचालित करने वाले आरोपी आपस में हिस्सा बांट लेते थे और कॉलर को भी उसका हिस्सा दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, सभी सातों आरोपी साइबर ठगी के एक अन्य मामले में दिल्ली जेल में बंद थे। साइबर थाना एनआईटी की टीम उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर फरीदाबाद लेकर आई और मामले में पूछताछ की। पूछताछ पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को वापस दिल्ली जेल भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर