फरीदाबाद : महिला अध्यापिका की स्कूल में चाकू से गोदकर हत्या

 


फरीदाबाद, 03 अगस्त (हि.स.)। गांव सिकरोना में सोमवार को दिनदहाड़े एक निजी स्कूल की महिला टीचर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह वारदात पुलिस चौकी से कुछ मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। मृतका की पहचान संध्या के रूप में हुई है, जो गांव सिकरोना स्थित एक निजी स्कूल में टीचर थीं। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के लिए पहुंची थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर बाद एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर स्कूल पहुंचा और उसने टीचर से मिलने की बात कही। स्कूल स्टाफ ने संध्या को इसकी जानकारी दी। जैसे ही वह स्कूल के मुख्य गेट पर युवक से मिलने पहुंचीं, आरोपी ने अचानक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने उनकी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर गई। शोर सुनकर स्कूल संचालक तेजपाल और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकडऩे का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी चाकू लहराते हुए उनकी ओर भी दौड़ा, जिससे लोग पीछे हट गए। इसका फायदा उठाकर आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद टीचर को संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दिनदहाड़े स्कूल परिसर के बाहर हुई इस वारदात से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। चौकी इंचार्ज मनोज कुमार के महिला की हत्या की पुष्टि हो चुकी है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और आरोपी की पहचान को लेकर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर