फरीदाबाद : सडक़ धंसने पर ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज

 


फरीदाबाद, 16 जुलाई (हि.स.)। पिछले दिनों हुई बरसात के दौरान सडक़ें धंसने के मामले में फरीदाबाद विकास प्राधिकरण ने ठेकेदारों पर एक्शन लेना शुरु कर दिया है। इसी कड़ी में ग्रेटर फरीदाबाद में वर्षा के दौरान दो जगह सडक़ धंसने को लेकर एफएमडीए की शिकायत पर ठेकेदार के खिलाफ बीपीटीपी थाने में मामला दर्ज हुआ है। बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसको पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह बुधवार आधी रात के बाद हुई तेज वर्षा में सेक्टर-89 स्थित टीडीआई बिल्डर क्षेत्र और सेक्टर-80 में डिस्कवरी पार्क सोसायटी के बाहर सडक़ धंस गई थी। जिसकी वजह से पूरा रास्ता बंद करना पड़ा। सडक़ धंसने की सूचना मिलने पर एफएमडीए के एसडीओ ताराचंद और जेई नरेश मौके पर पहुंचे। उन्होंने वर्षा के दौरान ही सडक़ को समतल करने का प्रयास किया, लेकिन तेज वर्षा के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। जिसके बाद एसडीओ और जेई ने पूरी रात खड़े होकर वाहन चालकों को सचेत करने का काम किया। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की टीम ने दो जगहों का निरीक्षण किया, इस दौरान कई तरह की अनियमिता मिली थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों स्थानों पर सडक़ के नीचे बिना किसी स्वीकृति के पाइप और बिजली की केबल बिछाई गई थी। इसके लिए सडक़ की खुदाई की गई। लेकिन निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार उसकी मरम्मत नहीं की गई। लगातार बारिश के कारण सडक़ के नीचे की मिट्टी बह गई, जिससे सडक़ धंस गई। प्राधिकरण के कार्यकारी अभियंता केएस पठानिया ने बताया कि किसी भी सरकारी सडक़ के नीचे पाइपलाइन, बिजली की केबल या अन्य सेवाएं डालने से पहले संबंधित एजेंसी या बिल्डर को एफएमडीए से अनुमति लेना अनिवार्य है। इसके साथ ही खुदाई के बाद सडक़ को तय मानकों के अनुसार मरम्मत करना आवश्यक होता है। नियमों की अनदेखी करने से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। एफएमडीए ने दोनों मामलों में संबंधित बिल्डरों के ठेकेदारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर