फरीदाबाद : सडक़ धंसने पर ठेकेदारों पर होगी एफआईआर,एफएमडीए ने पुलिस को लिखा पत्र
फरीदाबाद, 12 जुलाई (हि.स.)। ग्रेटर फरीदाबाद में बारिश के दौरान दो जगह सडक़ धंसने के मामले में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। जांच में सामने आया कि बिल्डरों के ठेकेदारों ने बिना अनुमति सडक़ के नीचे पाइप और बिजली की केबल बिछाने के लिए रोड कटिंग की थी। इसी लापरवाही के कारण बारिश में सडक़ धंस गई। अब एफएमडीए ने संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को शिकायत दी है। एफएमडीए की टीम ने सेक्टर-89 स्थित टीडीआई बिल्डर क्षेत्र और सेक्टर-80 स्थित डिस्कवरी पार्क सोसाइटी के बाहर सडक़ का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि दोनों स्थानों पर बिना स्वीकृति सडक़ की खुदाई कर पाइप और बिजली की केबल डाली गई थी। खुदाई के बाद सडक़ की मरम्मत तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं की गई, जिससे लगातार बारिश के दौरान सडक़ के नीचे की मिट्टी बह गई और सडक़ धंस गई। एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता के.एस. पठानिया ने बताया कि किसी भी सरकारी सडक़ के नीचे पाइपलाइन, बिजली की केबल या अन्य सेवाएं डालने से पहले प्राधिकरण से अनुमति लेना अनिवार्य है। साथ ही खुदाई के बाद सडक़ को निर्धारित मानकों के अनुसार बहाल करना भी जरूरी होता है। लेकिन, नियमों की अनदेखी से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है और लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। एफएमडीए ने दोनों मामलों में संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। वहीं, पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर