फरीदाबाद : एक लाख की रिश्वत लेते ईटीओ व चालक गिरफ्तार

 




फरीदाबाद, 25 अगस्त (हि.स.)। दस लाख रुपए की पेनल्टी को चार लाख रुपए में निपटाने की एवज में रिश्वत मांगने वाले आबकारी एवं कराधान विभाग के एक अधिकारी तथा उसके चालक को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद की टीम ने मंगलवार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आबकारी एवं कराधान विभाग के ईटीओ सुरेन्द्र पूनिया तथा राम बाबू, चालक के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि वह एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत है और कंपनी की गाडिय़ों की देखरेख तथा उनके रूट पास करवाने की जिम्मेदारी संभालता है। प्राप्त शिकायत के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को ईटीओ सुरेन्द्र पूनिया ने लखनऊ से आ रही स्क्रैप से भरी कंपनी की एक गाड़ी को फरीदाबाद में पकड़ लिया। शिकायतकर्ता जब उसी रात सीकरी, फरीदाबाद में सुरेन्द्र पूनिया से मिला तो कथित रूप से अधिकारी ने वाहन पर करीब 10 लाख रुपये की पेनल्टी बनने की बात कहते हुए उसे 4 लाख रुपये में छोडऩे की बात कही। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद 14 अगस्त 2026 को वह सुरेन्द्र पूनिया से उसके सेक्टर-11, फरीदाबाद स्थित पीजी में मिला। वहां कथित रूप से आरोपी ने 2 लाख रुपये 15 अगस्त के बाद तथा शेष 2 लाख रुपये दो-चार दिन बाद देने की बात कही। साथ ही, आगे कंपनी की गाड़ी न रुकवाने का आश्वासन भी दिया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि रिश्वत की मांग के दौरान आरोपी अधिकारी का चालक राम बाबू भी उसके साथ था और इस संबंध में बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद थी। शिकायत के आधार पर राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान ईटीओ सुरेन्द्र पूनिया के पास बैठे उसके चालक आरोपी राम बाबू को कार्यालय में शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। इस संबंध में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर