फरीदाबाद : छह साल की मासूम से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 29 नवंबर (हि.स.)। बल्लभगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात का आरोप गांव में रहने वाले 28 वर्षीय युवक पर लगा है। घटना 28 नवंबर की शाम करीब 7:40 बजे की बताई जा रही है। परिजनों की शिकायत पर सदर बल्लभगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बच्ची को मेडिकल जांच के लिए बीके अस्पताल भेजा गया है।पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने परिवार के साथ पिछले करीब दो साल से गांव में किराए के मकान में रह रही है। परिवार में बच्ची की मां, दो बहनें और एक भाई हैं। वहीं, बच्ची के पिता अपनी दूसरी पत्नी के साथ अलग रहते हैं। आरोपी नंदकिशोर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कोसी का रहने वाला है और पिछले करीब 20 वर्षों से गांव में अपने माता-पिता के साथ रह रहा है। बताया गया है कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी है और वह कभी-कभार राजमिस्त्री का काम करता है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल पहुंचाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर