फरीदाबाद : एक्सपायरी सामान बेच रहे किरयाना स्टोर पर छापेमारी, सेंपल लिए
सीएम फ्लाइंग और खाद्य आपूर्ति विभाग ने की कार्रवाई, सामान किया जब्त
फरीदाबाद, 28 फरवरी (हि.स.)। एनआईटी क्षेत्र की डबुआ कालोनी में एक्सपायरी सामान बेच रहे एक किरयाना स्टोर पर शनिवार को सीएम फ्लाइंग और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की और भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट का सामान जब्त किया। इसके अलावा सेंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। टीम को राजेश किरयाना स्टोर पर एक्सपायरी डेट के दूध, दही, पनीर और अन्य पैकेट बंद खाद्य पदार्थों को सस्ते दामों पर बेचे जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर सीएम फ्लाइंग और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने दुकान पर छापेमारी की और छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने दुकान में रखे खाद्य उत्पादों की जांच की। जांच में पाया गया कि करीब 70 लीटर टोंड दूध, 15 लीटर फुल क्रीम दही, 4 किलो पनीर, 5 पैकेट घी, 25 छोटी कैम्पा की बोतलें सहित कई अन्य पैकेट बंद खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। आरोप है कि दुकान संचालक इन उत्पादों को कम कीमत का लालच देकर ग्राहकों को बेच रहा था, जिससे आम लोगों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था। टीम ने मौके पर ही सभी संदिग्ध और एक्सपायरी खाद्य सामग्री को जब्त कर लिया। फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी पुनीत शर्मा ने बताया कि एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थों का सेवन करने से फूड प्वाइजनिंग, उल्टी-दस्त, पेट दर्द, संक्रमण और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। विशेष रूप से दूध और दुग्ध उत्पादों के खराब होने पर उनमें बैक्टीरिया तेजी से पनप सकते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक साबित हो सकते हैं। कार्रवाई के दौरान विभाग ने कुछ खाद्य उत्पादों के सैंपल भी लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर