फरीदाबाद : अब क्यूआर कोड स्कैन कर दे सकेंगे थाने-चौकियों में फीडबैक

 


फरीदाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस के कार्यों में सुधार व पारदर्शिता के लिए समय-समय पर उचित कदम उठाए जाते रहे हैं। इसी कड़ी में अब शिकायतकर्ता अपनी शिकायत/कार्य के संबंध में पुलिस थाना-चौकी में अधिकारियों के कार्यालय में लगाये गये क्यू कोड को स्कैन कर अपना फीडबैक दर्ज करा सकते हैं। हरियाणा पुलिस द्वारा शिकायतकर्ताओं/ आगंतुकों की सुविधा के लिये यह सेवा शुरू की गई है। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, हिमाद्री कौशिक ने सोमवार को बताया कि फरीदाबाद पुलिस के सभी पुलिस थाना, चौकी व सभी अधिकारियों के कार्यालय पर फीडबैक देने के लिए क्यूआर कोड लगवाए गये हैं। जहां पर शिकायतकर्ता/आगंतुक अपना फीडबैक दर्ज कर सकता है। क्यूआर कोड स्कैन करने पर पांच बिंदुओं पर फीडबैक दर्ज किया जाएगा, जिसमें कार्यालय का वातावरण स्वच्छ और पेशेवर था?, कार्यालय स्टाफ सदस्य सहायक और जानकार थे। आप कार्यालय परिसर तक आसानी से पहुंच पाए? आप पुलिस कार्यालय की सेवा वितरण से संतुष्ट हैं? इनके संबंध में हां या नहीं में जवाब दे सकेंगे। इसके अतिरिक्त कार्यालय के लिए कोई विशेष प्रतिक्रिया या सुझाव भी सांझा किया जा सकता है। यह वैकल्पिक रहेगा। गौरतलब है कि अक्सर पुलिस चौकी अथवा थानों में जाने वाले लोग अक्सर पुलिस कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर अक्सर सवालिया निशान लगाते रहे है, विभाग द्वारा यह पहल इसलिए शुरु की गई है ताकि समय के साथ पुलिस कर्मचारियों की कार्यशैली बदले और उनका व्यवहार शिकायतकर्ताओं अथवा थाने चौकियों में आने वाले लोगों के प्रति सौहार्दपूर्ण रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर