लव जिहाद व धर्मांतरण के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद ने फरीदाबाद में किया प्रदर्शन

 


फरीदाबाद, 18 अप्रैल (हि.स.)। शहर के बीके चौक पर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘लव जिहाद’ और धर्मांतरण के मामलों में सरकार से हस्तक्षेप की मांग उठाई। उनका कहना था कि पूरे देश में इन मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया जा रहा है। बजरंग दल के सदस्य पुनीत ने बताया कि देश में ‘लव जिहाद’ और धर्मांतरण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज की युवतियों को निशाना बनाकर पहले प्रेम जाल में फंसाया जाता है और बाद में उनका धर्मांतरण कराया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह केवल चेतावनी नहीं, बल्कि एक गंभीर संकट का संकेत है। उनके अनुसार संगठित रूप से समाज की आस्था, संस्कृति और सामाजिक संरचना पर प्रहार किए जा रहे हैं, जिन्हें अब अनदेखा नहीं किया जा सकता। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि ‘लव जिहाद’ और धर्मांतरण जैसी गतिविधियों पर समय रहते सख्त और निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई, तो इसके दूरगामी परिणाम समाज और देश के लिए घातक हो सकते हैं। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार को आगे आकर इसमें हस्तक्षेप करने की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक असंतुलन और बढ़ती असुरक्षा की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि यह केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज के अस्तित्व और सम्मान का प्रश्न बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार को आगे आकर इसमें हस्तक्षेप करने की आवश्यकता है, क्योंकि जब भी वो अपने समाज के लिए थानों में लड़ाई लड़ते है, तो उनको घंटों तक इंतजार कराया जाता है। इस तरह के मामलों में जिस तेजी के साथ काम होना चाहिए, वो नही हो पाती है। ऐसा ना करने से इस तरह का काम करने वाले लोग कानून के शिकंजे के बचकर निकल जाते है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर